डॉ प्रेम कुमार ने एमई सोलर के कार्यक्रम में अभियंताओं को किया सम्मानित
एमई सोलर के प्रबंध निदेशक अमित लोहानी की अध्यक्षता में प्रमोद टॉवर, गया में "अभियंता सम्मान समारोह" का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार थे। कार्यक्रम में दक्षिण बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के विद्युत अधीक्षण अभियंता संदीप प्रकाश सहित विद्युत कार्यपालक अभियंता, सहायक विद्युत अभियंता एवं कनीय विद्युत अभियंताओं को उनके उत्कृष्ट कार्य निष्पादन, समर्पण एवं बेहतर सेवा के लिए डॉ. प्रेम कुमार द्वारा अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमई सोलर के प्रबंध निदेशक अमित लोहानी ने कहा कि बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में अभियंताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कठिन परिस्थितियों में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह से अभियंताओं का मनोबल बढ़ता है और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। वही डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास की मजबूत नींव उसकी ऊर्जा व्यवस्था होती है और इस व्यवस्था को सशक्त बनाने का कार्य हमारे विद्युत अभियंता पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेज़ी से बढ़ती बिजली की मांग के बीच अभियंताओं ने अपनी कार्यकुशलता, तकनीकी दक्षता और अथक परिश्रम से विद्युत व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय बनाया है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना देश के ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन ला रही है। यह योजना न केवल आम लोगों के बिजली बिल में कमी लाएगी, बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने में विद्युत अभियंताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्ता सुनिश्चित करने, विद्युत नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण तथा उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में अभियंताओं का योगदान इस योजना की सफलता की आधारशिला बनेगा।
उन्होंने सभी सम्मानित अभियंताओं को बधाई देते हुए कहा कि इसी समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ वे भविष्य में भी समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहें।