गिरिडीह ब्रेकिंग
मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र में लगी आग, वार्मर रूम से आनन-फानन में निकाले गए नवजात
गिरिडीह। चेताडीह स्थित मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय केंद्र के वार्मर रूम में कई नवजात भर्ती थे।
बताया जा रहा है कि वार्मर रूम से सटे नर्स रूम के सीलिंग पंखे में शॉर्ट सर्किट के कारण कॉयल जल उठा, जिससे आग लग गई। आग की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों ने आनन-फानन में वार्मर रूम से नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद स्वास्थ्यकर्मी आग बुझाने में जुट गए और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी नवजात के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी अरविंद कुमार ने भी आग लगने का कारण सीलिंग पंखे में शॉर्ट सर्किट बताया है।
फोटो कैप्शन : मातृत्व-शिशु स्वास्थ्य केंद्र में आग लगने के बाद मची अफरा-तफरी।