सरसों का तेल बताकर तेलंगाना ले जा रहा था शराब, तीन बैग से मिलीं 82 बोतलें
रेलवे स्टेशन बल्लभगढ़ पर चेकिंग के दौरान जीआरपी चौकी की टीम ने अंग्रेजी शराब की तस्करी के आरोप में एक युवक को काबू किया है। उसके तीन बैगों की तलाशी लेने पर अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 82 बोतलें बरामद हुईं।
आरोपित की पहचान जानू रजनीकांत निवासी भूपाल नगर, पेटीकुंडा, तेलंगाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित 16 सितंबर को तीन बैग लेकर रेलवे स्टेशन पर मौजूद था। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों ने बैग में रखे सामान के संबंध में पूछताछ की तो उसने खुद को सरसों के तेल का व्यापारी बताया।
आरोपित ने दावा किया कि बैगों में सरसों का तेल रखा है, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जीआरपी टीम ने बैगों की तलाशी ली। जांच में तेल के स्थान पर तीन अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की कुल 82 बोतलें बरामद हुईं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब को तस्करी की नीयत से सिकंदराबाद ले जाया जा रहा था। जीआरपी ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर गत सप्ताह भी जीआरपी ने चेकिंग के दौरान 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया था।