समरसता संकल्प यात्रा समानता,भाईचारे और सामाजिक एकता का जन आंदोलन:विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में समरसता संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत, बदरपुर बॉर्डर से सेक्टर-12 तक दिखा सामाजिक समरसता का संगम
संत गुरु रविदास जी महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, जातिगत भेदभाव मिटाने और सामाजिक समानता स्थापित करने पर दिया जोर
फरीदाबाद, 28 नवंबर।
Aonenews अरविन्द बक्शी
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व विभाग के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का फरीदाबाद आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। बदरपुर बॉर्डर से सेक्टर-12 तक यात्रा के स्वागत के उपरांत टाउन पार्क स्थित हुडा पार्किंग ग्राउंड में स्वागत सभा का आयोजन किया गया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि जालंधर से वाराणसी तक निकाली जा रही यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता का संदेश लेकर चल रहा एक जन आंदोलन है। संत गुरु रविदास जी महाराज ने उस दौर में समानता की बात की, जब समाज ऊंच-नीच और भेदभाव में बंटा हुआ था। उन्होंने सिखाया कि मनुष्य अपने जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से महान बनता है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज की वाणी के 40 शबद श्री गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल हैं और भक्त मीराबाई जी ने भी उन्हें अपना गुरु माना। उनका संदेश प्रत्येक धर्म, जाति और क्षेत्र के लोगों को जोड़ने वाला है। उन्होंने ‘बेगमपुरा’ के माध्यम से ऐसे समाज की परिकल्पना की, जहां किसी प्रकार का दुख, भय और भेदभाव न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान प्राप्त हो।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ संत गुरु रविदास जी महाराज के आदर्शों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन योजना, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना और स्टैंड अप इंडिया योजना का उल्लेख करते हुए समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने समाज से जातिगत भेदभाव समाप्त करने, बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, युवाओं को नशे एवं सामाजिक बुराइयों से दूर रखने तथा आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी महाराज का 650वां जयंती वर्ष उनके विचारों और शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ हुई लगभग 2,402 किलोमीटर लंबी यह 16 दिवसीय समरसता संकल्प यात्रा विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 47 शहरों से होते हुए 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। फरीदाबाद के बाद यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी।
कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री, हरियाणा नायब सिंह सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा लाल सिंह आर्य, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डॉ. अर्चना गुप्ता, कार्यक्रम के संयोजक शहरी निकाय एवं राजस्व मंत्री विपुल गोयल, प्रदेश महामंत्री भाजपा सत्यप्रकाश जरावता एवं गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा सुनीता दुग्गल, हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्णलाल पंवार, कैबिनेट मंत्री हरियाणा सरकार राव नरबीर सिंह, खाद्य मंत्री राजेश नागर, जिला प्रभारी फरीदाबाद लतिका शर्मा, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक धनेश अदलखा, विधायक सतीश फागना, जिला अध्यक्ष फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल, फरीदाबाद महानगर जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी पिंटू, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव, नूंह जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पिंटू, मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष सीवेश राम, प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा अजय खुंडिया, विधायक मुकेश शर्मा, विधायक होडल हरेन्द्र रामरतन, विधायक दिल्ली गजेन्द्र यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल सहित भाजपा के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Faridabad, Faridabad | Nov 28, 2026