सीता माता जानकी मैया के विराट मेले की तैयारियों को लेकर विकास समिति की बैठक आयोजित
23 से 26 सितंबर तक होंगे विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन संध्या, कन्हैया दंगल और विशाल भंडारे का होगा आयोजन
#SawaiMadhopur अरावली पर्वत की ऊंची पहाड़ियों पर प्राचीन काल से विराजमान मां सीता माता जानकी मैया के वार्षिक विराट मेले की तैयारियों को लेकर सीता माता विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति अध्यक्ष भैरूलाल मीणा, मीडिया प्रभारी मुकेश मीणा मांदल सहित नीमली खुर्द, ग्राम पंचायत जीनापुर, नीमली कला, वजपुर, ग्राम पंचायत जुवाड़ एवं ग्राम पंचायत कुस्तला सहित आसपास के गांवों के पंच-पटेल, बुजुर्ग एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति के मीडिया प्रभारी मुकेश मीणा मांदल ने बताया कि बैठक में मेले की व्यवस्थाओं एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ पंच-पटेलों ने मेले को सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों पर विचार-विमर्श किया। वहीं मेले में आयोजित होने वाले विशाल भंडारे के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी भी समिति सदस्यों द्वारा की गई।
उन्होंने बताया कि श्री सीता माता जानकी मैया का विराट मेला 23 से 26 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं लोक कला से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रमों का विवरण
23 सितंबर, बुधवार: प्रातः 9:15 बजे से अखंड रामचरितमानस रामायण पाठ का आयोजन होगा। इसका सौजन्य श्री हनुमान जी साहू, आलनपुर की ओर से रहेगा।
24 सितंबर, गुरुवार: प्रातः 11 बजे झंडा पूजन एवं मेले का शुभारंभ होगा। इसका सौजन्य श्री भरतलाल मीणा, दोबड़ा खुर्द की ओर से रहेगा। इसी दिन रात 9 बजे से प्रातः 5 बजे तक विशाल भजन संध्या होगी। भजन संध्या के सहयोगकर्ता भामाशाह वीरेंद्र सिंह धाबाई एडवोकेट एवं जिला अध्यक्ष, गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूरा भगत, प्रदेश उपाध्यक्ष, गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति राजस्थान रहेंगे।
25 सितंबर, शुक्रवार: प्रातः 10:15 बजे विशाल कन्हैया दंगल एवं लोकगीत समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम का सौजन्य राजेश मीणा, सरपंच ग्राम पंचायत जीनापुर की ओर से रहेगा। मुख्य अतिथि प्रहलाद गुंजल, पूर्व विधायक कोटा होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक बैरवा, पूर्व विधायक खंडार करेंगे। विशिष्ट अतिथि मुकेश मीणा, पूर्व प्रधान सवाई माधोपुर रहेंगे। इसी दिन रात 9 बजे से प्रातः 5 बजे तक विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसका सौजन्य शंकर लाल मीणा, मथुरापुर (शिव शंकर नर्सरी) की ओर से रहेगा।
26 सितंबर, शनिवार: पूर्णिमा के अवसर पर मेले का समापन होगा। प्रातः 11:15 बजे विशाल भंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, कृषि कैबिनेट मंत्री, राजस्थान सरकार एवं भाजपा राजस्थान के प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल, विधायक खंडार विधानसभा क्षेत्र रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में नरेंद्र चौधरी, प्रधान खंडार, दीपक मीणा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं गोविंद शुक्ला, पूर्व प्रधान खंडार शामिल होंगे।
मेले के विशाल भंडारे के लिए आटा एवं चीनी का सहयोग परशुराम मीणा पुत्र स्व. कन्हैयालाल मीणा, ग्राम धमून खुर्द, पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत जीनापुर तथा बेसन एवं दाल का सहयोग कमल सिंह मीणा पुत्र स्व. मियाराम मीणा, ग्राम नीमली खुर्द (एमडी, एफसीआई गोदाम कोटा) की ओर से किया गया है।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक कार्यक्रमों एवं भंडारे सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
News57