कैंप पार्क में मेयर का औचक निरीक्षण, सफाई कर्मचारियों की जांची हाजिरी
बिना वर्दी और आईकार्ड मिले सफाई कर्मचारी, मेयर ने दी सख्त हिदायत
सफाई व्यवस्था पर मेयर की पैनी नजर, कैंप पार्क पहुंचकर जांची हाजिरी
यमुनानगर। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के उद्देश्य से मेयर सुमन बहमनी लगातार फील्ड में सक्रिय नजर आ रही हैं। इसी क्रम में बुधवार सुबह उन्होंने वार्ड नंबर-17 स्थित कैंप पार्क का औचक निरीक्षण किया और सफाई कर्मचारियों की हाजिरी जांची। निरीक्षण के दौरान मेयर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के साथ-साथ कर्मचारियों की वर्दी, आईकार्ड और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की।
हाजिरी निरीक्षण के दौरान कुछ सफाई कर्मचारी बिना निर्धारित वर्दी और आईकार्ड के पाए गए। वहीं कुछ कर्मचारियों के पास आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे। इस पर मेयर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और सफाई दरोगाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार ही कार्य करना चाहिए।
मेयर सुमन बहमनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सफाई कर्मचारी प्रतिदिन पूरी वर्दी और पहचान पत्र के साथ ड्यूटी पर उपस्थित हों। इसके अलावा सफाई कार्य के दौरान दस्ताने, मास्क, बूट और अन्य सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी को अपनी जान जोखिम में डालकर काम नहीं करना चाहिए। कर्मचारियों की सुरक्षा नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने कैंप पार्क की साफ-सफाई, हरियाली और रखरखाव का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क में मौजूद विभिन्न सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पार्क को और अधिक सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्कों का संरक्षण और रखरखाव शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भी जरूरी है।
मेयर ने अधिकारियों से पार्क में नियमित सफाई, पौधों की देखभाल, घास की कटाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सभी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और जहां भी किसी प्रकार की कमी मिलेगी, उसे तुरंत दूर कराया जाएगा। मेयर ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है तथा सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फोटो कैप्शन - कैंप पार्क में सफाई कर्मचारियों की हाजिरी जांचती मेयर सुमन बहमनी।
कैंप पार्क का निरीक्षण करती मेयर सुमन बहमनी।