अब सुरक्षा किट पहनकर सफाई कार्य करेंगे वेस्ट पिकर, निगम ने बांटी पीपीई किट
सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा के तहत किया जागरूक, सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
यमुनानगर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: नगर निगम द्वारा सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत सफाई कार्य में लगे वेस्ट पिकर अर्थात कचरा बीनने वाले की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष पहल की गई। इसके तहत निगम स्टोर में वेस्ट पिकर को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट वितरित की गईं। अधिकारियों ने सभी कर्मियों को सफाई कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरणों का नियमित इस्तेमाल करने और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य सफाई निरीक्षक गोविंद शर्मा पार्षद प्रतिनिधि पवन कुमार यादव
ने वेस्ट पिकर को पीपीई किट वितरित की। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने से कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों को कम करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक बिट्टू सिंह, स्वच्छ भारत मिशन एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार और आकाश कुमार ने भी वेस्ट पिकर को जागरूक किया। उन्होंने कर्मियों से अपील की कि वे प्रतिदिन ड्यूटी पर पीपीई किट पहनकर आएं और सफाई कार्य करते समय आवश्यक सुरक्षा सावधानियां बरतें। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के महत्व, स्वच्छता कार्य के दौरान स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सफाई कार्य में लगे कर्मियों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध करवाना और उनमें सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। निगम की ओर से कर्मियों को सुरक्षा उपकरणों के नियमित उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि शहर की स्वच्छता में योगदान देने वाले इन कर्मचारियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।