बाढ़ में दीपावली की रात शर्मनाक वारदात: पिस्टल के बल पर 18 वर्षीय युवती से सामूहिक दुष्कर्म, चार संदिग्ध हिरासत में
बाढ़ (पटना)। दीपावली की रात पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में 18 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि तीन से चार बदमाशों ने पिस्टल का भय दिखाकर युवती को अगवा किया और घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान ग्रामीण सड़क पर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता की बहन के अनुसार, दीपावली की रात करीब 11 बजे तक उनके पिता घर नहीं लौटे थे। पिता की तलाश में पीड़िता अपनी छोटी बहन के साथ घर से निकली थी। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे बगल के गांव के चार युवकों ने बड़ी बहन को पकड़ लिया और उसके मुंह में कपड़ा बांध दिया। वहीं, छोटी बहन को पिस्टल दिखाकर शोर नहीं मचाने की धमकी दी गई।
आरोप है कि बदमाश दोनों बहनों को घर से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर दूर सुनसान ग्रामीण सड़क पर ले गए, जहां युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। इस दौरान छोटी बहन भयभीत होकर अपनी बड़ी बहन के साथ हुई घटना को देखती रह गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
करीब दो घंटे बाद, रात लगभग एक बजे दोनों बहनें घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की बहन ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले गई।
चार संदिग्ध हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
मामले की जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
मां की मौत के बाद घर संभाल रही थी पीड़िता
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां की करीब दो वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। मां की मौत के बाद पीड़िता की पढ़ाई छूट गई थी और वह घर की जिम्मेदारियां संभाल रही थी। पीड़िता चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी है। पिता भी मां की मृत्यु के बाद से मानसिक तनाव में रहते हैं।
Mokameh, Patna | Nov 9, 2026