ज्वालाजी मंदिर मार्ग पर मिला श्रद्धालु का शव, गले पर कट के निशान
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। शक्तिपीठ ज्वालाजी के मुख्य मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह छोटे शिव मंदिर के पास लुधियाना के एक श्रद्धालु का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय गुरबक्श सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, निवासी गांव बोपाराय कलां, जिला लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के गले पर कट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों व दुकानदारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि श्रद्धालु मंदिर मार्ग पर कब और किस तरह पहुंचा तथा उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।