हरदोई में पराली जलाने पर प्रशासन सख्त, प्रचार वाहनों से किसानों को किया जाएगा जागरूक; 30 हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान
हरदोई। जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बिलग्राम तहसील परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत ये प्रचार वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी देंगे। इस दौरान जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे खेतों में पराली न जलाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों का इस्तेमाल कर फसल अवशेषों का उचित निस्तारण करें।
उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इसके साथ ही मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और भूमि में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं, अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों और वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ उठाने की अपील की।
पराली जलाने पर लगेगा 30 हजार रुपये तक जुर्माना
कृषि विभाग के अनुसार, पराली जलाने पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के तहत जुर्माने सहित दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। कृषि भूमि के क्षेत्रफल के आधार पर जुर्माने की राशि निर्धारित है।
- 2 एकड़ तक कृषि भूमि पर 5,000 रुपये।
- 2 से 5 एकड़ तक कृषि भूमि पर 10,000 रुपये।
- 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि पर 30,000 रुपये।
प्रशासन की ओर से पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए लेखपालों, कृषि विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारी किसानों को जागरूक कर फसल अवशेष न जलाने और उनके उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इसके अलावा सेटेलाइट के माध्यम से भी पराली जलाने की घटनाओं पर नजर रखी जा रही है। सेटेलाइट से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नहने राम, तहसीलदार बिलग्राम दीपक गौतम सहित कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 10, 2026