सब जूनियर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सोनुआ की गुरुवारी बांकिरा ने जीता गोल्ड मेडल
धनबाद के मेगा स्टेडियम में आयोजित तीसरी झारखंड सब जूनियर राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले की गुरुवारी बांकिरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन एवं धनबाद एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुल नौ एथलीटों ने हिस्सा लिया और अपनी-अपनी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन किया। जिले को एकमात्र पदक सोनुवा प्रखंड के हाड़ीमारा गांव की रहने वाली गुरुवारी बांकिरा ने दिलाया। उन्होंने अंडर-16 बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। गुरुवारी की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है। उनकी सफलता पर एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक सह सांसद जोबा माझी, संरक्षक सह मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उद्योगपति मुकुंद रुंगटा, अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
Sonua, Pashchimi Singhbhum | Aug 22, 2026