कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में समरसता संकल्प यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारी, बदरपुर बॉर्डर से सेक्टर-12 तक दिखेगा सामाजिक एकता का विराट संगम
बदरपुर बॉर्डर पर होगा अभूतपूर्व स्वागत, सेक्टर-12 में विशाल जनसभा; छत्तीस बिरादरी में उत्साह : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
सामाजिक समरसता भाजपा की मूल विचारधारा, सभी वर्गों को साथ लेकर चलना हमारी प्रतिबद्धता : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
फरीदाबाद, 27 नवंबर। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय एवं राजस्व विभाग के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के नेतृत्व में फरीदाबाद में सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि 28 नवंबर को बदरपुर बॉर्डर पर यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद सेक्टर-12 में विशाल जनसभा आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर छत्तीस बिरादरी में उत्साह है और फरीदाबाद सामाजिक एकता, समरसता एवं भाईचारे का विराट संगम बनेगा।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल शुक्रवार को भाजपा फरीदाबाद द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने यात्रा की तैयारियों एवं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की वाणी का उल्लेख किया
“ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न।
छोट-बड़ो सब सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न॥”
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इन पंक्तियों में उस आदर्श समाज की कल्पना है, जहां हर व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके। सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज किसी एक जाति या समुदाय के नहीं, बल्कि समस्त मानवता के पथप्रदर्शक हैं। उनका संदेश भेदभाव मिटाकर समाज को जोड़ने का है। सामाजिक समरसता केवल किसी आयोजन का विषय नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की मूल विचारधारा है।
फरीदाबाद में सामाजिक समरसता का ऐतिहासिक आयोजन होगा : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि शनिवार को यात्रा दिल्ली से बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम होंगे और सेक्टर-12 में विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री श्री कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, मंत्रीगण, यात्रा के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री श्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश महामंत्री श्री गोपाल शर्मा, फरीदाबाद, फरीदाबाद महानगर, गुरुग्राम, गुरुग्राम महानगर और नूंह जिले के विधायकगण, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, सभी जिलों के जिलाध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, संत-महात्मा एवं सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सभी समुदायों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और मातृशक्ति से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया।
संत रविदास जी महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना यात्रा का उद्देश्य : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर 18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से आरंभ हुई यात्रा 3 दिसंबर को वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी। लगभग 2,402 किलोमीटर की यह 16 दिवसीय यात्रा विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 47 शहरों से गुजर रही है। हरियाणा के आठ जिलों में मुख्य यात्रा तथा शेष 15 जिलों में उपयात्राएं निर्धारित हैं। फरीदाबाद के बाद यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर प्रस्थान करेगी।
सभी वर्गों का सम्मान और सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता : कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकारें ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही हैं। शिक्षा, छात्रवृत्ति, कौशल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों और वंचित परिवारों को अवसर प्रदान करना है। कुरुक्षेत्र के उमरी में ₹124 करोड़ की लागत से गुरु रविदास धाम और 125 फुट ऊंची प्रतिमा की पहल भी संत-महापुरुषों के प्रति सम्मान का उदाहरण है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यात्रा का वास्तविक उद्देश्य संत-महापुरुषों के विचारों को व्यवहार में उतारना और छत्तीस बिरादरी को सम्मान, विश्वास तथा भाईचारे के सूत्र में पिरोना है। समाज की एकजुटता ही विकसित हरियाणा की सबसे मजबूत नींव है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री सत्यप्रकाश जरावता एवं श्री गोपाल शर्मा, जिलाध्यक्ष श्री पंकज पूजन रामपाल, जिला प्रभारी श्रीमती लतिका शर्मा, चेयरमैन श्री गुरनाम सैनी, श्री ओमप्रकाश एवं श्री यशपाल ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी श्री विनोद गुप्ता, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग एवं श्री शोभित अरोड़ा तथा जिला कार्यालय सचिव श्री राज मदान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।