*श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन।*
कोडरमा, चाराडीह: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर चाराडीह स्थित विवेकानंद कॉन्वेंट स्कूल में विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर कृष्णमय नजर आया।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में राधा रानी एवं बाल गोपाल साज-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की मनमोहक वेशभूषा धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। कृष्ण और राधा के रूप में सजे बच्चे अत्यंत आकर्षक एवं मनमोहक लग रहे थे। बच्चों ने भक्ति संगीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इसके उपरांत विद्यालय के सीनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा दही-हांडी एवं मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं उमंग के साथ इसमें भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राधेश्याम पंडित, निदेशक अनिल कुमार, सह निदेशिका खुशबू गुप्ता सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य एवं निदेशक ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, प्रेम, सद्भावना एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम उत्साह, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।