भादी अमावस्या महोत्सव को लेकर बैठक, चार दिवसीय कार्यक्रम की जिम्मेदारियां विभिन्न संगठनों को सौंपी गईं
झुमरी तिलैया। श्री भादी अमावस्या महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर श्री अग्रसेन भवन में विभिन्न सामाजिक एवं महिला संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्रवाल महिला समिति, मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा शाखा, माँ की लाडली एवं कोडरमा मारवाड़ी महिला संगठन के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में 8 से 11 सितंबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय महोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग संगठनों को विभिन्न कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक की अध्यक्षता अग्रवाल समाज के अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने की, जबकि संचालन महोत्सव के संयोजक प्रदीप खाटूवाला ने किया।
बैठक में तय किया गया कि 8 सितंबर को आयोजित भव्य कलश शोभायात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मारवाड़ी युवा मंच एवं कोडरमा मारवाड़ी महिला संगठन संभालेंगे। वहीं शोभायात्रा में आकर्षक झांकी की सजावट की जिम्मेदारी मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा शाखा को दी गई है।
9 सितंबर को आयोजित संगीतमय मंगल पाठ की व्यवस्था की जिम्मेदारी माँ की लाडली को सौंपी गई। 10 सितंबर को अखंड ज्योत के साथ आयोजित भजनों के कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने की जिम्मेदारी श्री श्याम मित्र मंडल को दी गई।
महोत्सव के अंतिम दिन 11 सितंबर को प्रातः होने वाले पूजन कार्यक्रम की जिम्मेदारी कोडरमा मारवाड़ी महिला संगठन को सौंपी गई है। वहीं संध्याकालीन कार्यक्रम की जिम्मेदारी संयुक्त रूप से माँ की लाडली एवं मारवाड़ी युवा मंच प्रेरणा शाखा संभालेंगी।
बैठक में सभी संगठनों ने आपसी समन्वय के साथ चार दिवसीय श्री भादी अमावस्या महोत्सव को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाने का संकल्प लिया। साथ ही कार्यक्रमों में अधिक से अधिक दादी भक्तों एवं समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से विपुल चौधरी, अनूप खाटूवाला, बिनोद पिलानिया, अरविंद चौधरी, संतोष लड्ढा, संजय नरेडी, कृतिका मोदी, अंजुला खाटूवाला, उषा शर्मा, सारिका केडिया, आकृति चौधरी, रजनी अग्रवाल, ज्योति परशुरामपुरिया, नेहा जैन, सुमन सर्राफ सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।