पंचखेरो डैम में 45 लाख से बनेगा विश्रामागार, पर्यटकों को मिलेगी ठहरने की सुविधा
विधायक डॉ नीरा यादव ने किया शिलान्यास
कोडरमा। मरकच्चो प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पंचखेरो डैम में पर्यटकों की सुविधा के लिए 45 लाख रुपये की लागत से विश्रामागार का निर्माण कराया जाएगा। जिला पर्यटन निधि योजना के तहत प्रस्तावित विश्रामागार निर्माण कार्य का शिलान्यास गुरुवार को पूर्व शिक्षा मंत्री सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव ने नारियल फोड़कर विधिवत रूप से किया। निर्माण कार्य ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, कोडरमा की ओर से कराया जाएगा। शिलान्यास के मौके पर विधायक डॉ. नीरा यादव ने कहा कि पंचखेरो डैम कोडरमा जिले का एक महत्वपूर्ण और रमणीक पर्यटन स्थल है। यहां प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। विश्रामागार के निर्माण से दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को ठहरने और आराम करने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के विकसित होने से पंचखेरो डैम में पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और आधारभूत सुविधाओं के विकास से पंचखेरो डैम को और बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। शिलान्यास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष शंभु सिंह, मुखिया सुनील यादव, पवन सिंह, अर्जुन यादव, महेश यादव, सदानंद वर्मा, सरयू वर्मा, संजय वर्मा, नरेंद्र सिंह, सतीश सिंह, हरिहर सिंह, रवि सिंह के अलावा विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।