*दीपावली के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण एवं बिक्री पर शिमला पुलिस की कार्रवाई तेज — रोहड़ू और ठियोग में दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में पटाखे बरामद*
दीपावली के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस शिमला ने रोहड़ू और ठियोग में दो अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। इस संबंध में पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 119/2026, दिनांक 02.11.2026 तथा पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 164/2026, दिनांक 02.11.2026, धारा 125, 288 BNS एवं धारा 9(b) Explosives Act, 1884 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
रोहड़ू: दिनांक 02.11.2026 को रोहड़ू बाजार में गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अजय कुमार गुप्ता निवासी अपर बाजार, रोहड़ू, अपनी दुकान में बिना वैध लाइसेंस के विभिन्न प्रकार के पटाखों का भंडारण एवं बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान की तलाशी ली, जहां से पटाखों के कुल 577 पैकेट से भरे 6 गत्ते के कार्टन बरामद हुए। पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
ठियोग: दिनांक 02.11.2026 को पुलिस चौकी फागू की टीम को चेओग बस स्टैंड पर गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि ओम प्रकाश (38 वर्ष), निवासी चेओग, ठियोग, अपने स्टोर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रहा है। पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में स्टोर की तलाशी ली, जहां तीसरे कमरे में रखे गत्ते के कार्टन से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। पटाखों के भंडारण एवं बिक्री का कोई वैध लाइसेंस अथवा परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।
दोनों मामलों में पुलिस द्वारा बरामद पटाखों को नियमानुसार कब्जे में लेकर अभियोग दर्ज किए गए हैं तथा आगामी अन्वेषण जारी है।
दीपावली के मद्देनजर जिला पुलिस शिमला द्वारा पटाखों के अवैध भंडारण, वितरण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है तथा बिना वैध लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।