*जिला कलक्टर ने ग्रामीण सेवा शिविरों का किया निरीक्षण*
*विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति को जांच कर, अधिक से अधिक आमजन को लाभांवित करने के दिए निर्देश*
डीडवाना-कुचामन, 15 जून।
जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना ने सोमवार को जिले की ग्राम पंचायतों आयोजित हो रहे ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के काउंटरों पर जाकर आमजन को मिल रही सेवाओं और प्रगति की समीक्षा की।
जिला कलक्टर ने सोमवार को मौलासर ब्लॉक की ग्राम पंचायत डाबड़ा एवं कुचामन ब्लॉक की ग्राम पंचायत पलाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन कर विभागों द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर के दौरान आने वाले आवेदनों का उसी दिन निस्तारण करने का प्रयास करें, ताकि ग्रामीणों को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें। साथ ही उन्होंने शिविर में आए ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए कहा।
इस दौरान जिला कलक्टर ने शिविर स्थलों पर पेयजल और आमजन के बैठने के लिए पर्याप्त छाया (टेंट) की मुकम्मल व्यवस्था करने, ग्रामीणों को शिविर के समय, स्थान और उपलब्ध सेवाओं के बारे में जागरूक करने के लिए प्रचार प्रसार करने एवं सूचना देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने ग्राम पंचायत पलाड़ा में लाभार्थियों को 11 पट्टे एवं मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसी प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और ग्राम पंचायतों के सरपंच व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
------------------------------
Didwana, Nagaur | Jun 15, 2026