शहीद अग्निवीरवायु श्री खेमाराम कुमावत को राज्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
शहीद के पैतृक गांव पांचौता में जनप्रतिनिधियों एवं जिला कलक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने अर्पित किये पुष्पचक्र
डीडवाना-कुचामन, 15 जून।
असम के जोरहाट में भारतीय वायु सेना के एएन-32 विमान हादसे में शहीद हुए अग्निवीरवायु श्री खेमाराम कुमावत का पार्थिव शरीर सोमवार को विशेष विमान से जयपुर एयरपोर्ट लाया गया,इसके पश्चात शहीद का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव नावां उपखंड के पांचौता पहुँचा। इस अवसर पर राजस्व एवं सैनिक कल्याण राज्यमंत्री श्री विजय सिंह चौधरी, जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद खेमाराम कुमावत के अदम्य साहस, राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण एवं सर्वोच्य बलिदान को नमन किया तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राज्यमंत्री श्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि शहीद खेमाराम कुमावत ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्य बलिदान दिया है। उनका त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
———————
Didwana, Nagaur | Jun 15, 2026