उत्तराखंड को मिले 36 नायब तहसीलदार, सीएम ने सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता
सीएम धामी ने अधिकारियों को दी नसीहत, बोले- भूमि संबंधी मामलों का संवेदनशीलता और समयबद्धता से करें निस्तारण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता से निस्तारण किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। ऐसे में अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय संबंधित परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए। तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या धैर्यपूर्वक सुनने के साथ ही आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
Champawat, Champawat | Nov 25, 2026