➡️ सागर में 470 एनसीसी कैडेट्स ले रहे संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर
➡️ मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, फायरिंग और ड्रिल सहित विभिन्न सैन्य गतिविधियों का दिया जा रहा प्रशिक्षण
33 म.प्र. बटालियन एनसीसी, सागर द्वारा एस.वी.एन. कॉलेज में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (भाग-177) का आयोजन 24 अक्टूबर से 02 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। शिविर में मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों के शासकीय आईटीआई संस्थानों के सीनियर डिवीजन एनसीसी कैडेट्स के साथ केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 सागर, उत्कर्ष पब्लिक स्कूल एवं एम.आर.पी.एस. स्कूल सागर के कुल 470 कैडेट्स भाग ले रहे हैं।
शिविर में कैडेट्स को मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, फायरिंग, ड्रिल और पीटी सहित विभिन्न सैन्य गतिविधियों का सघन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही समाज सेवा, सेना के शौर्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देश सेवा के मूल्यों के विकास के लिए विशेष मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
शिविर के प्रारंभिक समारोह को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट कर्नल आर. एस. राजीव (सेना मेडल) ने कहा कि एनसीसी की वर्दी धारण करने के बाद युवाओं में अतिरिक्त योग्यता और क्षमता का विकास होता है। यह वर्दी उनमें देशभक्ति, चरित्र निर्माण और निःस्वार्थ सेवा की भावना विकसित कर उन्हें उत्कृष्ट नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती है। शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण कैडेट्स को जीवनभर याद रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार वर्तमान में एनसीसी का दायरा बढ़ा रही है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल पुष्पा जोशी ने बताया कि शिविर में कैडेट्स को आरडी परेड और फ्लैग एरिया के लिए तैयार किया जा रहा है।
शिविर के दौरान एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, सागर के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर सुजीत उपाध्याय ने शिविर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘संकल्प वृक्ष’ कार्यक्रम के अंतर्गत आम के पौधे का रोपण किया। साथ ही, ‘संकल्प वृक्ष’ कार्यक्रम के लिए भोपाल जाने वाले 13 चयनित कैडेट्स के लिए फ्लैग सेरेमनी का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार मेजर अश्विनी कुमार (एसएम), कैप्टन आर. एस. राठौर, लेफ्टिनेंट प्रदीप पाठक, सूबेदार गगन कुमार, नायब सूबेदार पाटिल ताना जी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए सह-एनसीसी अधिकारी एवं पीआई स्टाफ उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #sagar