कलेक्टर अर्पित वर्मा ने किया करैरा क्षेत्र का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
शिवपुरी- कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने विकासखंड करैरा के ग्राम थनरा, दबरा सहित विभिन्न क्षेत्रों का औचक भ्रमण कर स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनबाड़ी और शासकीय योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान अपर कलेक्टर दिनेश शुक्ला भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने दबरा की जनजातीय बस्ती में पैदल जाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और बिजली, पानी, राशन व पेंशन के त्वरित समाधान के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए। अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई के भी आदेश दिए।
निरीक्षण में दबरा के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 2 और उप स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर लापरवाही मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी को तत्काल पद से हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता, स्वच्छता और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पेयजल व विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा तय कर काम करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने तहसील कार्यालय करैरा का भी निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों और पीएम किसान योजना की समीक्षा की तथा आमजन के आवेदनों का समय पर निराकरण करने को कहा।