जिले के विधानसभा क्षेत्रों में निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा
प्रधानमंत्री श्री Narendra Modi ने सेवा ज्योति संकल्प दिवस पर वर्चुअली किया संबोधित : आज का दिन विकसित भारत के संकल्पों को नई ऊर्जा देगा, आज पायलट की चर्चा है, एक दिन आएगा जब मेड इन इंडिया प्लेन की चर्चा होगी
________________________
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के अभिनंदन के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति संकल्प दिवस मनाया गया। जिले के विधानसभा क्षेत्रों में विधायक के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। मुख्य समारोह टीआरएस कालेज के एनसीसी मैदान में आयोजित किया गया। समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जनता का आशीर्वाद और विश्वास मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। मैं इस बात के लिए देश के जनता को धन्यवाद देना चाहता हूँ कि उसने मुझे लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा का अवसर दिया। मेरे लिए जनता ईश्वर का रूप है। पिछले 25 वर्षों की जनसेवा का अनुभव मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यह मुझे हर दम कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित करती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास ने मुझे बड़े संकट में धैर्य रखने और कठिन परिस्थितियों में दिन-रात देश की सेवा करने की प्रेरणा दी है। इसी के कारण राष्ट्र की सामूहिक चेतना ने कोरोना जैसे कठिन काल का सामना किया। हमारा देश वैदिक काल से लेकर विवेकानंद जी तक वैचारिक यात्रा और सांस्कृतिक मूल्यों का वाहक रहा है। हमने पूरे विश्व को मानवता का पाठ पढ़ाया है। आज का दिन देश के विकास के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का दिन है। देश को 2047 तक विकसित बनाने, विश्व की टॉप-3 इकोनॉमी बनाने, ओलंपिक खेलों के आयोजन, देश को ग्लोबल हब बनाने और चंद्रमा में भारतीय के कदम रखने के संकल्प का आज दिन है। अभी पूरी दुनिया में देश के एक पायलट की बहादुरी की चर्चा हो रही है। एक दिन ऐसा भी होगा जब पूरी दुनिया मेड इन इंडिया एरोप्लेन की चर्चा करेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश तेजी से विकास कर रहा है। कई देश विरोधी ताकतें विकास की राह में बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं। विकास का पूरा फल आज की जेन जी पीढ़ी को मिलेगा। देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी भी देश के युवाओं पर ही है। विकसित भारत का सपना युवा ही पूरा करेंगे। देश ने कई चुनौतियों का सामना किया। हम कोरोना संकट में खुद को बचाने के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा में भी मददगार बने। नक्सलवाद और आतंकवाद का कठोरता से दमन किया गया। देश की ओर आंख उठाने वालों को उनके घर में घुसकर मारा गया। देश को कई क्षेत्रों में कल्पनातीत सफलताएं मिली हैं।
समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने उपस्थितों को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन से देश की दशा और दिशा तय कर दी है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश आज जिस ऊंचाई पर है उसकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। प्रधानमंत्री जी ने देश को 2047 तक विश्व गुरू बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में योगदान दे। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश से नक्सलवाद का अंत हुआ और आतंकवाद पर लगाम लगी है। आज पूरी दुनिया प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व का लोहा मानती है। सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री जी की 25 वर्षों की अनवरत जनसेवा का अभिनंदन है। समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। हम जब पेट्रोलियम, गैस, रक्षा क्षेत्र और खाद निर्माण में आत्मनिर्भर बन जाएंगे तभी विकसित भारत का सपना पूरा होगा। आज के विकास का पूरा लाभ युवा पीढ़ी को मिलेगा। देश 7.8 प्रतिशत की विकास दर अर्जित कर चुका है।
समारोह में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और सेवा ज्योति कार्यक्रम पर प्रकाश डाला। समारोह में विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह, विधायक सिरमौर श्री दिव्यराज सिंह, विधायक मनगवां श्री नरेन्द्र प्रजापति, विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सृष्टि देशमुख गौड़ा, स्थानीय जनप्रतिनिधि गण तथा हजारों आम जन उपस्थित रहे।
PMO India CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Rajendra Shukla Jansampark Madhya Pradesh
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #25YearsOfSeva
#सेवा_ज्योति_संकल्प_दिवस #SevaJyotiSankalpDivas
#Rewa #रीवा
Rewa, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026