लूट के इरादे से बुजुर्ग महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बांदा- अतर्रा थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव में बुजुर्ग महिला से मारपीट कर नाक की कील लूटने और इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला की लूटी गई नाक की कील भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को खम्हौरा गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ अज्ञात व्यक्ति ने मारपीट की थी। गंभीर हालत में महिला का इलाज चल रहा था, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका की बहू सरोज की तहरीर पर अतर्रा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मंगलवार 22 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर आरोपी ददुआ पुत्र शिवअवतार निवासी अंश बल्लान, थाना अतर्रा को रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया और बताया कि 18 सितंबर को धान के खेत में उसने बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर उसकी नाक की कील छीन ली थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नाक की कील बरामद की। आरोपी के खिलाफ अतर्रा थाने में मु0अ0सं0 351/2026, धारा 105/309(6)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप, हेड उप निरीक्षक फूलचंद मिश्र कांस्टेबल विमल मिश्रा और कांस्टेबल सतीश यादव शामिल रहे।
Hardoi, Hardoi | Sep 22, 2026