गन्ने के खेत में निकला 15 फीट लंबा अजगर, सियार को दबोचे बैठा था; रेस्क्यू कर गोमती किनारे छोड़ा
हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के हरैया स्थित बड़ेरा गांव में गन्ने के खेत में करीब 15 फीट लंबा और लगभग 50 किलो वजनी अजगर निकलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। खेत में काम करने पहुंचे किसानों ने देखा कि अजगर ने एक सियार को पूरी तरह अपने शिकंजे में दबोच रखा था।
विशालकाय अजगर को देखते ही किसान डर गए और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही कछौना रेंजर विनय सिंह जादौन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सर्प मित्र कुलदीप को भी बुलवाया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद किया गया रेस्क्यू
वन विभाग की टीम और सर्प मित्र ने कड़ी मशक्कत के बाद विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को आबादी से दूर गोमती नदी के किनारे जंगलात वाले इलाके में ले जाकर छोड़ दिया गया।
घटना के दौरान खेत के पास अजगर को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी। अजगर के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
Hardoi, Hardoi | Sep 22, 2026