रामनगर बनकट में सीएससी सेंटर का शटर तोड़कर एक लाख की चोरी, सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त
मझौलिया थाना के रामनगर बनकट वार्ड संख्या-10 स्थित एक सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) में अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर करीब एक लाख रुपये नगद की चोरी कर ली। घटना को लेकर संचालक रवि रंजन पंडित ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर मामले की जांच एवं अज्ञात चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। आवेदन में रवि रंजन पंडित ने बताया कि वह "साइबर पल्लवी कैफे" के नाम से सीएससी सेंटर संचालित करते हैं, जहां आधार बैंकिंग सहित विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं दी जाती हैं। उनके अनुसार 17 जुलाई 2026 की रात करीब 8:30 बजे स्टाफ अरमान अंसारी ने दुकान बंद कर दराज में करीब एक लाख रुपये नगद रख दिए थे। पीड़ित के अनुसार, रात करीब एक बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़ दिया। चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरे को नीचे गिराकर क्षतिग्रस्त किया और फिर दराज में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। 18 जुलाई की सुबह करीब सात बजे जब स्टाफ अरमान अंसारी दुकान खोलने पहुंचा, तब घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।