*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 24 सितंबर 2026
*ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण*
*सुरक्षित भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की हुई गहन समीक्षा*
मधेपुरा, 24 सितंबर 2026 : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप मधेपुरा जिलान्तर्गत ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक (आंतरिक) निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित भंडारण, वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन की नियमित एवं प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित करना था।
निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, विद्युत व्यवस्था, सीलिंग व्यवस्था, लॉग बुक तथा विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों के संधारण की गहनता से जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं की निर्धारित मानकों के अनुरूप समीक्षा की गई।
*ईवीएम-वीवीपैट का किया गया भौतिक सत्यापन*
निरीक्षण के क्रम में वेयर हाउस में संधारित ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन भी किया गया। भौतिक रूप से उपलब्ध मशीनों का संबंधित अभिलेखों एवं पंजियों में दर्ज विवरण से मिलान करते हुए निर्धारित प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों एवं प्रोटोकॉल के अनुपालन की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ बनाए रखने, सीसीटीवी एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित निगरानी करने तथा सभी आवश्यक पंजियों एवं अभिलेखों को अद्यतन, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
12 views | Madhepura, Bihar | Sep 24, 2026