समाहरणालय पूर्णिया,
जिला जनसम्पर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:-703,
दिनांक:-02/06/2026,
==================
जल-जीवन-हरियाली दिवस पर ‘‘गंगा जल आपूर्ति योजना पेयजल आपूर्ति के लिए परिवर्तनकारी पहल’’ विषयक परिचर्चा आयोजित
माह जून, 2026 के प्रथम मंगलवार दिनांक 02.06.2026 को जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत ‘‘जल-जीवन-हरियाली दिवस’’ का आयोजन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण(डी.आर.डी.ए.) सभागार , पूर्णिया में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जल संसाधन विभाग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर डी.आर.डी.ए. सभागार, पूर्णिया में ‘‘गंगा जल आपूर्ति योजनाः पेयजल आपूर्ति के लिए परिवर्तनकारी पहल’’ विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई।
परिचर्चा के दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान अंतर्गत राज्य में संचालित विभिन्न पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं एवं जल संरक्षण संबंधी पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि गंगाजल आपूर्ति योजना फेज-2 के तहत प्रथम चरण में मधुबन जलाशय का निर्माण कर पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त टर्न-की आधार पर औरंगाबाद, डेहरी एवं सासाराम शहरों में सोन नदी में उपलब्ध सतही जल का उपयोग करते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
साथ ही टर्न-की आधार पर भभुआ एवं मोहनियां शहरों में सतही जल स्रोतों का उपयोग कर पेयजल उपलब्ध कराने संबंधी कार्यों की भी जानकारी दी गई।
परिचर्चा में बाढ़ अवधि के दौरान गंगा नदी के अतिरिक्त जल को बांका जिले के बदुआ जलाशय तथा मुंगेर जिले के खड़गपुर जलाशय में अंतरित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर भी चर्चा की गई, जिससे जल संरक्षण एवं सिंचाई क्षमता में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में कार्यपालक अभियंता, जल संसाधन विभाग, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), जिला मिशन निदेशक, जल-जीवन-हरियाली सहित जल संसाधन विभाग के अन्य पदाधिकारियों, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं कर्मियों द्वारा भाग लिया गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन एवं सतत पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया गया ।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Purnia, Bihar | Jun 2, 2026