बेतिया: नगर निगम परिसर में वार्डवार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचीं महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर की छत पर सोलर प्लांट लगने से शहर बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेगा और परिवारों का बिजली बिल भी शून्य तक हो सकता है। साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन करने वालों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी।
महापौर ने बताया कि पक्की छत वाले बीपीएल परिवारों को योजना के तहत निःशुल्क रूफटॉप सोलर मिलेगा, जबकि अन्य पात्र परिवारों को 1 किलोवाट पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार और 3 किलोवाट तक 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आवेदन ऑनलाइन पोर्टल या नजदीकी शिविर एवं बिजली कार्यालय के माध्यम से किया जा सकता है।
शिविर में नागरिकों को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। महापौर ने अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निष्पादन के निर्देश भी दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, पेंशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया। वार्ड 8, 9, 10, 11, 13 और 14 में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और कई लोगों ने मौके पर ही सूर्यघर योजना के लिए पंजीकरण कराया।