विजयनगर में होने वाले विप्र महाकुंभ को लेकर शाहपुरा में हुई महत्वपूर्ण बैठक, समाजजनों से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा-आगामी 17 जून 2026 को विजयनगर में आयोजित होने वाले भव्य विप्र महाकुंभ एवं प्रतिस्थापना समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को महर्षि दधीचि गुरुकुल, कालिंजरी गेट, शाहपुरा में ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विप्र फाउंडेशन जोन 1F के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने आगामी महाकुंभ की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 17 जून को राजस्थान कृषि मंडी, विजयनगर में आयोजित होने वाला यह आयोजन ब्राह्मण समाज की एकता, संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं का विराट संगम होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से परिवार सहित अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज की शक्ति, संगठन एवं संस्कारों का परिचायक बनेगा।
नवीन शर्मा ने बताया कि महाकुंभ के अंतर्गत यज्ञोपवीत संस्कार, विशाल शोभायात्रा, कलश यात्रा, महासभा, महाआरती एवं महा ब्रह्मभोज जैसे अनेक धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में परम पूजनीय प्रखर महाराज का सान्निध्य एवं आशीर्वाद भी समाजजनों को प्राप्त होगा, जिससे आयोजन की गरिमा और अधिक बढ़ेगी।
बैठक में उपस्थित समाज बंधुओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग करने का भरोसा दिलाया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की एकजुटता और सक्रिय सहभागिता से यह महाकुंभ प्रदेश स्तर पर एक मिसाल बनेगा। बैठक के दौरान कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार, आमंत्रण अभियान तथा विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अधिक से अधिक परिवारों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाने और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों गोविंद नारायण शर्मा, मधुसूदन पारीक, अरुण कुमार जोशी, महेंद्र शर्मा, राकेश खंडेलवाल एवं राधेश्याम पाण्डे ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। सभी पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में शिक्षाविद रमेश चंद्र गालरिया, सोमेश्वर व्यास, नरेश व्यास, सत्येंद्र मंडेला, कैलाश मंडेला, महावीर सुखवाल, विजय व्यास, चंद्र प्रकाश जोशी, प्रकाश दीक्षित, प्रदीप भारद्वाज, पंकज सुगंधी, रघुनंदन शर्मा, राजेंद्र गौड़, अविनाश शर्मा, सुशील गौड़, अंकित शर्मा, मनोज पुरोहित, गोल्डी पाराशर, रवि दत्त पुंडरीक, अंकुर ओझा, केशव सपूत एवं राजेंद्र सुखवाल सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।
बैठक के समापन पर समाजजनों ने एक स्वर में विप्र महाकुंभ को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लेते हुए अधिकाधिक लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने और विजयनगर पहुंचने का आह्वान किया। आयोजकों ने विश्वास जताया कि समाज के सहयोग और सहभागिता से यह महाकुंभ ब्राह्मण समाज के लिए एक प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय आयोजन सिद्ध होगा।