बिहार पेंशन दिवस पर नवादा के 2.22 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि हस्तांतरित।
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार श्री सम्राट चौधरी जी ने आज लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार से आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 97.84 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹1,423.94 करोड़ की राशि हस्तांतरित की।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाया जाएगा तथा सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की जाएगी।
माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा। विशेष अभियान चलाकर छूटे हुए सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि गरीब, वंचित, वरिष्ठ नागरिकों, विधवा महिलाओं एवं दिव्यांगजनों की सामाजिक सुरक्षा तथा सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उक्त कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय सभाकक्ष, नवादा में जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश की उपस्थिति में किया गया।
प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, नवादा श्री अमरनाथ कुमार ने जानकारी दी कि नवादा जिले में कुल छह प्रकार की पेंशन योजनाएं संचालित हैं, जिनके अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या निम्नवत है—
बिहार राज्य निशक्तता पेंशन योजना – 26,614 लाभार्थी
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना – 1,283 लाभार्थी
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना – 45,132 लाभार्थी
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना – 3,950 लाभार्थी
लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना – 25,617 लाभार्थी
मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना – 1,19,556 लाभार्थी
इस प्रकार नवादा जिले के कुल 2,22,152 (दो लाख बाईस हजार एक सौ बावन) सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि से हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नवादा श्रीमती नीलिमा साहू, गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार,स्थापना प्रभारी डॉ राजकुमार सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Jul 10, 2026