बाजपुर न्यूज़
मोबाइल झपटमारी का खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार
छीना गया ओप्पो मोबाइल व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद
बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत बाजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। महेशपुरा निवासी लेखराज ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया था कि तीन जून की शाम वह महेशपुरा सड़क पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उसके हाथ से ओप्पो मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में पांच जून को कोतवाली बाजपुर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान बरहेनी रोड स्थित बरार धर्मकांटा के समीप पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को मोटरसाइकिल सहित रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने मोबाइल झपटमारी की घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हिमांशु आर्या (22) पुत्र शंकर राम निवासी बाकेनगर मझराप्रभु तथा शुभम सागर (21) पुत्र राधेश्याम निवासी टूटी फैक्ट्री नमूना, थाना बाजपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल संख्या यूके-18एस-1429 बरामद की है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवेंद्र मेहता, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह परिहार तथा कांस्टेबल नरेंद्र सिंह शामिल रहे।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Jun 5, 2026