*जिलाधिकारी ने जिला पंचायत कार्यालय का किया निरीक्षण, कार्यालय व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं लंबित विभागीय मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश*
जिलाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न शाखाओं एवं कक्षों का भ्रमण कर कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, विभागीय कार्यों की प्रगति तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कार्यालय भवन के जीर्ण-शीर्ण हिस्सों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल को तत्काल कार्यालय में बुलाकर भवन की तकनीकी जांच कराने तथा आवश्यक मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया, ताकि कार्यालय का संचालन सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में हो सके।
कार्यालय में अभिलेखों एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रख-रखाव की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रधान सहायक की अध्यक्षता में एक समिति का गठन कर सभी महत्वपूर्ण फाइलों एवं अभिलेखों का व्यवस्थित वर्गीकरण, सूचीकरण तथा सुरक्षित संधारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि विभागीय अभिलेख नियमावली के अनुरूप जिन अभिलेखों एवं दस्तावेजों की उपयोगिता समाप्त हो चुकी है अथवा जो निष्प्रयोज्य हैं, उनका नियमानुसार शीघ्र निष्पादन (डिस्पोजल) कराया जाए।
जिलाधिकारी ने विभागीय पत्रों के समयबद्ध निष्पादन, लंबित पत्राचार के त्वरित अनुपालन, अभिलेखों के नियमित अद्यतन तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं दक्षता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विभिन्न पंचायत सचिवों के विरुद्ध लंबित विभागीय कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी मामलों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विभागीय अनुशासन एवं प्रशासनिक जवाबदेही और अधिक सुदृढ़ हो सके।
उन्होंने कहा कि कार्यालय व्यवस्था की सुव्यवस्थित प्रणाली एवं सुदृढ़ अभिलेख प्रबंधन प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता एवं गति दोनों को बढ़ाते हैं। इससे पंचायत राज विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा तथा आम नागरिकों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
जिलाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करने तथा निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Saharsa, Bihar | Aug 6, 2026