जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान तैयार करने को लेकर जिला कौशल विकास समिति की बैठक सम्पन्न
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान (District Skill Development Plan) के निर्माण के संबंध में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान के प्रभावी, व्यावहारिक एवं समयबद्ध निर्माण को लेकर विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की आवश्यकताओं, स्थानीय संसाधनों एवं रोजगार की संभावनाओं का समुचित आकलन करते हुए ऐसा कौशल विकास प्लान तैयार किया जाए, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके तथा उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हों।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए विभिन्न विभागों, प्रशिक्षण संस्थानों एवं वित्तीय संस्थाओं के बीच प्रभावी समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जिला नियोजन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभागों एवं प्रशिक्षण एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए जिला स्किल डेवलपमेंट प्लान का प्रारूप शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करें। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रशिक्षण कार्यक्रम स्थानीय उद्योगों, सेवा क्षेत्र एवं बाजार की मांग के अनुरूप संचालित हों, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार प्राप्त करने में आसानी हो।
बैठक में बताया गया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-2 अंतर्गत "आर्थिक हल, युवाओं को बल" कार्यक्रम के तहत सारण जिले में लगातार रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण संचालित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न व्यवसायिक क्षेत्रों में दक्ष बनाया जा रहा है, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित करने के साथ-साथ निजी एवं अन्य क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 1,41,419 युवाओं को विभिन्न ट्रेडों, जैसे ब्यूटी थेरेपी, फैशन डिजाइनिंग, अकाउंट असिस्टेंट, सिलाई मशीन ऑपरेटर, हेल्थकेयर, कंप्यूटर एवं अन्य रोजगारपरक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद बड़ी संख्या में युवा स्वरोजगार स्थापित कर रहे हैं अथवा विभिन्न संस्थानों में रोजगार प्राप्त कर अपनी आजीविका सुदृढ़ कर रहे हैं।
बैठक में जिला नियोजन पदाधिकारी, लीड बैंक मैनेजर सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
1 views | Saharsa, Bihar | Aug 6, 2026