#nandarajjat #chamoli #uttarakhand
नंदा देवी राजजात यात्रा को लेकर ग्राम पंचायत बाण ने जताई चिंता, डीएम से व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग.
देवाल (चमोली)। नंदा देवी लोकजात यात्रा के अंतिम गांव बाण में यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ग्राम पंचायत बाण ने प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की है। ग्राम प्रधान नन्दकली देवी ने जिलाधिकारी चमोली को पत्र भेजकर गांव में संभावित अव्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है।
ग्राम पंचायत की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बाण गांव में पेयजल, शौचालय, टेंट कॉलोनी, विद्युत आपूर्ति, अतिरिक्त खाद्यान्न, संचार और सड़क यात्रा मार्ग जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में नंदा देवी लोकजात यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने पर व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका है।
पत्र में सोशल मीडिया के माध्यम से गांव के प्रति की जा रही कथित अभद्र टिप्पणियों का भी उल्लेख किया गया है। ग्राम पंचायत ने कहा कि इससे गांव में अशांति का माहौल बन रहा है, जबकि ग्राम सभा की ओर से किसी का विरोध नहीं किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत ने आशंका जताई कि यदि बड़ी जात समिति और उसके साथ आने वाले अन्य डोलिया के माध्यम से यात्रा को बाण गांव तक लाया जाता है, तो यहां अव्यवस्था और बढ़ सकती है। पत्र में यह भी कहा गया है कि बड़ी जात समिति को अवगत कराया जाए कि बाण में प्रवेश व यात्रा को लेकर उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्राम पंचायत ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी थराली और पुलिस निरीक्षक चमोली को भी भेजी गई है।
मुख्य बिंदु:
नंदा देवी लोकजात यात्रा के अंतिम गांव बाण में भारी भीड़ की संभावना
ग्राम पंचायत ने मूलभूत व्यवस्थाओं की कमी बताई
पेयजल, शौचालय, बिजली, खाद्यान्न और संचार व्यवस्था को लेकर चिंता
ग्राम प्रधान ने डीएम से तत्काल व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की
पत्र की प्रतिलिपि एसडीएम थराली और पुलिस विभाग को भी भेजी गई