देहरादून। प्रधान संगठन का सचिवालय कूच, उग्र प्रदर्शन
ए लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर राज्य सरकार से गुहार लगा रहे प्रदेश भर के ग्राम प्रधानों ने आज देहरादून के परेड ग्राउंड में एकत्रित होकर हजारों की संख्या में सचिवालय कूच किया। अपनी मांगों पर सरकार का उपेक्षापूर्ण रवैया ग्राम प्रधानों को इतना खला कि उन्होंने प्रदर्शन के दौरान लोहे के बैरिकेडिंग तक गिरा दिए और उनके उपर चढकर बैरिकेडिंग पार कर प्रदर्शन करने लगे। प्रदेश के लगभग सभी जिलों से देहरादून कूच के लिए आए ग्राम प्रधानों ने कहा कि हमारी सरकार से यह मांग है कि मनरेगा जो अब जी राम जी योजना बन गई है, उसमें मजदूरों को दिन भर की मजदूरी के तौर पर केवल ₹300 दिए जाते हैं जो इस महंगाई के दौर में काफी कम है। वहीं इस मजदूरी के लिए भी मज़दूर को सुबह शाम दो वक्त बायोमेट्रिक हाजिरी लगानी होती है। जबकि उत्तराखंड के पर्वतीय दूरस्थ गांवों में नेटवर्क की समस्या होने के चलते उनकी हाजिरी नहीं लग पाती। ऐसे में सरकार इस बायोमेट्रिक हाजिरी के सिस्टम को बंद करें। वहीं उन्होंने ग्राम प्रधानों व उनके परिवारों को स्वास्थ्य बीमा दिलाने के साथ ही ग्राम प्रधानों को दिए जाने वाला बेहद कम मानदेय पर भी चिंता जताई और कहा कि सरकार को इस पर विचार कर हमें ठोस आश्वासन दिया जाना चाहिए, जो कि अब तक नहीं दिया गया, इसलिए आज हम सचिवालय कूच को मजबूर हुए।
Kichha, Udham Singh Nagar | Oct 8, 2026