मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत बदनावर में 196 पट्टों सहित विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित
संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार के मुख्य आतिथ्य में हुआ कार्यक्रम
बदनावर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों से संवाद कर पठन-पाठन की गतिविधियों की ली जानकारी
ग्राम रूपाखेड़ा में प्रगतिशील किसानों से मुलाकात कर कृषि नवाचारों की सराहना की
धार, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को धार जिले के बदनावर नगर परिषद में आयोजित कार्यक्रम में इंदौर संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कुल 196 स्वीकृत पट्टों में से सांकेतिक रूप से पांच पात्र हितग्राहियों को पट्टे प्रदान किए गए। इसके साथ ही संबल कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन तथा मुख्यमंत्री कल्याणी पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ हितग्राहियों को वितरित किए गए।
संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार ने कहा कि राज्य शासन प्रदेश के नागरिकों के चहुंमुखी विकास एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्पष्ट निर्देश हैं कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में नागरिकों से नामांतरण के 238, बंटवारा के 22, सीमांकन के 06 तथा किसान रजिस्ट्री के 1744 आवेदन प्राप्त हुए। संभागायुक्त श्री लक्षकार ने प्राप्त आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए निर्धारित समय-सीमा में त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री प्रियंका मिमरोट, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह पवार, श्री राजेंद्र सराफ, श्री सुभाष धोका, श्री मनीष गुर्जर, श्री नारायण सिंह डोडिया सहित वरिष्ठ पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री प्रदीप पांडेय ने किया तथा आभार प्रदर्शन मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री विकास डावर ने किया।
कार्यक्रम के उपरांत संभागायुक्त श्री भास्कर लक्षकार ने बदनावर तहसील के विभिन्न क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मूलथान पहुंचकर शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया तथा खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा पठन-पाठन की गतिविधियों और शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित भी किया।
प्रगतिशील किसानों के कृषि नवाचारों की सराहना
संभागायुक्त श्री लक्षकार ग्राम रूपाखेड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने उन्नत एवं प्रगतिशील किसानों से मुलाकात की। उन्होंने किसानों द्वारा खेती में अपनाए जा रहे विभिन्न नवाचारों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आधुनिक एवं नवाचार आधारित कृषि को अपनाकर किसान बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अन्य किसानों से भी प्रगतिशील किसानों के अनुभवों से प्रेरणा लेने की बात कही।
भ्रमण के अंतिम चरण में संभागायुक्त ने क्षेत्र में निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित ‘‘पीएम मित्र पार्क’’ का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
#मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान
#JanVishwasAbhiyan2026
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
2 views | Dhar, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026