समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 282, दिनांक 07.06.2026
********************************
' *खरीफ महाअभियान 2026' का आयोजन, किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए किया गया जागरूक*
*********************************
आज दिनांक 08 जून 2026 को संयुक्त कृषि भवन, शेखपुरा में जिला स्तरीय 'प्रशिक्षण सह कार्यशाला खरीफ महाअभियान 2026' का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ श्री लखींद्र पासवान,अपर समाहर्ता महोदय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक (आत्मा) द्वारा अपर समाहर्ता महोदय को 'जल-जीवन-हरियाली' के प्रतीक के रूप में पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
अपर समाहर्ता महोदय ने जिले के सभी किसानों से अनिवार्य रूप से किसान पंजीकरण कराने का विशेष आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकरण ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की पहली और आवश्यक सीढ़ी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण कराएं ताकि सरकारी सहायता सीधे उन तक पहुँच सके।
भूमि सुधार और नामांतरण पर महत्वपूर्ण निर्देश
कार्यशाला के दौरान जमीन के कागजात और मालिकाना हक के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर समाहर्ता महोदय ने जिले के सभी जमीन मालिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि
यदि जमीन दादा-परदादा के नाम पर है, तो उसे अविलंब अपने नाम पर दर्ज मोटेशन करवाएं।
इसके लिए संबंधित सरपंच से वंशावली निर्गत करवाएं, नामांतरण फॉर्म भरकर खाता, खसरा, रकवा और जमीन के आवश्यक कागजात संलग्न करें। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन कर अंचलाधिकारी के माध्यम से रसीद काटने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने कहा कि जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त रहने से ही भविष्य में किसानों को सरकारी योजनाओं और ऋण लेने में कोई कठिनाई नहीं होगी। जिलें के किसानों को खरीफ सीजन के लिए उन्नत बीज की उपलब्धता के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के किसान शंकर धान और शंकर मक्का के बीज जिला कृषि कार्यालय से संपर्क कर प्राप्त कर सकते हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में कृषि विभाग के कई वरीय पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से सहायक निदेशक (शस्य)
भूमि संरक्षण पदाधिकारी
उप निदेशक (कृषि अभियंत्रण)
प्रखंड कृषि पदाधिकारी
किसान समन्वयक सहित जिले के अनेक प्रगतिशील किसान सम्मिलित हुए।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ फसल की बुवाई के लिए तैयार करना और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना था।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,*
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura Department of Agriculture, Government of Bihar
1 views | Sheikhpura, Bihar | Jun 8, 2026