11 सूत्री मांगों को लेकर 2 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेगा SSAI
मुंगेर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार सहित विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SSAI) ने आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के विश्वविद्यालय अध्यक्ष श्रवण कुमार के नेतृत्व में आगामी 2 नवंबर 2026 से मुंगेर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष 11 सूत्री मांगें रखी हैं। इनमें मुंगेर विश्वविद्यालय के लिए स्थायी भूमि का अधिग्रहण एवं भवन निर्माण का शिलान्यास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित कक्षाओं का संचालन, ऑनलाइन भुगतान गेटवे शुल्क में ₹35 से बढ़कर ₹200 से अधिक तक वसूले जा रहे अतिरिक्त शुल्क पर रोक तथा इसकी जांच प्रमुख हैं।इसके अलावा परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितता एवं छेड़छाड़ पर रोक, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, समय पर परिणाम प्रकाशन, सभी शैक्षणिक सत्रों को नियमित करने और छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की गई है। संगठन ने छात्रावासों में समुचित सुविधाएं एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों में क्लासरूम, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और कॉमन रूम जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास की भी मांग उठाई है।SSAI की अन्य मांगों में लापरवाह एवं तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई तथा विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए विश्वविद्यालय मुख्यालय में नियमित छात्र जनता दरबार आयोजित करना शामिल है।विश्वविद्यालय अध्यक्ष श्रवण कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं और अधिकारों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मांगों पर ठोस पहल नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आंदोलन शुरू होने से पहले सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान करने की अपील की है। #छात्र_आंदोलन #श्रवण_कुमार #MungerNews #मुंगेर_विश्वविद्यालय #भूख_हड़ताल #ssai #StudentProtest #Bariarpur
Munger, Munger | Oct 31, 2026