केलाखेड़ा एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में 36 घंटे में लूट का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार
केलाखेड़ा थाना पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में महज 36 घंटे के भीतर बुजुर्ग महिला से कुंडल लूट की सनसनीखेज घटना का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने लूटे गए सोने के कुंडल, ₹380 नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को मजरा रहमतुल्ला निवासी नरेश कुमार ने डायल-112 पर सूचना दी कि उनकी माता सुबह टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके कानों से सोने के कुंडल छीन लिए और उन्हें खेत में धक्का देकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना केलाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मामले की जांच शुरू की गई। अगले दिन पीड़िता के पुत्र निशान सिंह की तहरीर पर थाना केलाखेड़ा में मु.अ.सं. 91/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कीं। जांच के दौरान लगभग 60 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, 40 संदिग्धों की पहचान की गई तथा तकनीकी सर्विलांस, बीट पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र की सहायता से लगातार कार्रवाई की गई।
19 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बोर नदी पुल के पास से रामस्वरुप (35 वर्ष), पुत्र रामदीन, निवासी चंदनपुरा, डाम वाली गली, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गदरपुर स्थित एक राइस मिल में बॉयलर चलाने का काम करता है। उसने कई दिनों तक बुजुर्ग महिला को अकेले टहलते और कानों में सोने के कुंडल पहने देखा था। लालच में आकर उसने सुनसान स्थान पर महिला को धक्का देकर खेत में गिराया और उनके कानों से कुंडल लूट लिए। आरोपी उन्हें बेचने के लिए रामपुर जाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
बरामदगी
एक जोड़ी सोने के कुंडल
₹380 नकद
एक ओप्पो मोबाइल फोन
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनीष खत्री के नेतृत्व में थाना केलाखेड़ा की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना का शीघ्र खुलासा होने पर क्षेत्र के लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Jul 19, 2026