बाजपुर न्यूज
बाजपुर की जनता का एहसान जीवनभर नहीं भूल सकता: अरविंद पांडे
विजयदशमी पर युवाओं को दिया संदेश, कठिनाइयों का डटकर सामना करने की अपील
बाजपुर। गदरपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि उनका जन्म बाजपुर क्षेत्र में हुआ है और यहां के लोगों के आशीर्वाद से ही वह जीवन में आगे बढ़े हैं। क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वह जब तक जीवित रहेंगे, तब तक यहां के लोगों का एहसान नहीं भूल सकते।
------------------------------------------------------------------------------------
मंगलवार की शाम को विजयदशमी के अवसर पर अरविंद पांडे बाजपुर स्थित दशहरा स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने लोगों से मुलाकात कर सभी को दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
------------------------------------------------------------------------------------
इस दौरान उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी कठिनाइयां क्यों न आएं, युवाओं को कभी पीछे नहीं हटना चाहिए। कठिन परिस्थितियों का डटकर सामना करते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संघर्षों से घबराने के बजाय उनका साहस और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला करना चाहिए।
------------------------------------------------------------------------------------
अरविंद पांडे ने बाजपुर क्षेत्र के लोगों के प्रति अपना लगाव व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की जनता का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा। उन्होंने विजयदशमी के पर्व पर सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।