*पौधरोपण कार्य के साथ किया वीबी-जीराम जी योजना का शुभारंभ*
*-रायसिंहपुरा में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम*
*जन सम्मेलन में दी गई ग्रामीणों को वीबी-जीराम जी योजना की जानकारी*
डीडवाना-कुचामन, 2 जुलाई।
जिले में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जीराम जी) का शुभारंभ गुरूवार को डीडवाना उपखंड की ग्राम पंचायत गोदरास के ग्राम रायसिंहपुरा में आयोजित जिला स्तरीय जन सम्मलेन कार्यक्रम में पौधारोपण के साथ हुआ।
जिला कलक्टर श्री अवधेश मीना एवं जितेंद्र सिंह जोधा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जनसम्मेलन के पश्चात ग्राम रायसिंहपुरा स्थित तिकली डुंगरी पर पौधरोपण कार्य की शुरूआत की गई।
इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय जनसम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अवधेश मीना ने कहा कि वीबी-जीराम जी अधिनियम ग्रामीण रोजगार,आजीविका संवर्धन और ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ परिसंपतियों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए लागू किया गया है। इसका उद्देश्य विकसित भारत के विजन के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास करना है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से जहां एक ओर ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के निर्माण कार्य करवाए जाएंगे, वहीं ग्रामीणों को 125 दिन का रोजगार मिल सकेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि योजना के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत की संकल्पना साकार होगी। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए वीबी-जीराम जी योजना को लागू किया गया है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में भरपूर विकास और निर्माण कार्य करवाएं जाएंगे।
इस दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम जाखड़ ने कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं उपस्थितजनों को वीबी-जीराम जी योजना की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि जिले की समस्त ग्राम पंचायतों से अलग-अलग कार्यों के प्रस्ताव लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति और संसाधन निर्माण के लिए कार्य करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री रतन कुमार, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी,उपप्रधान ओमप्रकाश लील, ग्राम पंचायत प्रशासक रामपाल थालोड सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।