सेक्टर-37 स्थित निजी कंपनी में कार्यरत 25 वर्षीय युवती की कैंची से हत्या करने के मामले में 1 आरोपी गिरफ्तार।
आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई 1 कैंची बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 6 सितंबर । 5 सितंबर को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि NDR Auto Components Pvt. Ltd., प्लॉट नंबर-8, सेक्टर-37, गुरुग्राम में एक महिला के साथ झगड़े के दौरान चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम वैदिक अस्पताल, पटौदी रोड, कादीपुर, गुरुग्राम पहुंची, जहां मृतिका शिवानी के संबंध में आवश्यक चिकित्सा दस्तावेज प्राप्त किए गए। मृतिका के शव को नियमानुसार मोर्चरी, गुरुग्राम भिजवाया गया।
पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा सीन ऑफ क्राइम टीम एवं फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को मौके पर बुलाया गया। टीमों द्वारा घटनास्थल से वारदात से संबंधित आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए तथा खून लगे कपड़े एवं अन्य आवश्यक साक्ष्य नियमानुसार कब्जा पुलिस में लिए गए।
6 सितंबर को मृतिका के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 25 वर्षीय बेटी शिवानी 13 जुलाई से NDR Auto Components Pvt. Ltd., प्लॉट नंबर-8, सेक्टर-37, गुरुग्राम में कार्य कर रही थी। 5 सितंबर को कंपनी में कर्मचारी असलम मियां के साथ हुए झगड़े के दौरान उनकी बेटी को चोट लगी, जिसके कारण उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सेक्टर-37, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सेक्टर-37, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी असलम मियां, उम्र 35 वर्ष, निवासी सिंधिया सागर, थाना चौलाहा बंजरिया, जिला मोतिहारी, पूर्वी चंपारण, बिहार को 6 सितंबर को सेक्टर-37, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी असलम मियां एवं मृतिका शिवानी दोनों सेक्टर-37, गुरुग्राम स्थित निजी कंपनी में कार्य करते थे। 5 सितंबर को शीट कवर कटिंग के कार्य को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान मृतिका द्वारा आरोपी को थप्पड़ मार दिया गया, जिससे आरोपी ने गुस्से में आकर कैंची से मृतिका शिवानी के गले पर वार कर दिया। चोट लगने के कारण उपचार के दौरान लड़की की मृत्यु हो गई।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई 1 कैंची बरामद की गई है। आरोपी को अभियोग में नियमानुसार गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।