डीसीपी अमरिंदर सिंह का सेक्टर-14 थाना में सेंट्रल मेस में खाने की गुणवत्ता से लेकर लंबित मामलों, शिकायतों, शस्त्रागार, मालखाने, रिकॉर्ड रूम की किया निरीक्षण
24 पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित, सर्दी व धुंध से बचाव के लिए राइडर और फील्ड पुलिसकर्मियों को वितरित की रिफ्लेक्टर जैकेट
पंचकूला:- जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा थानों और चौकियों की नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में पहुंचकर पुलिस व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, ताकि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जा सके। इसी कड़ी में आज डीसीपी अमरिंदर सिंह ने सेक्टर-14 थाना का विस्तृत निरीक्षण कर लंबित मामलों, शिकायतों, शस्त्रागार, मालखाने, रिकॉर्ड रूम और सेंट्रल मैस सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज और जांच अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मुकदमों एवं शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने लंबित मामलों सहित प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उसका निर्धारित समय में प्रभावी निपटारा सुनिश्चित किया जाए। किसी भी परिवादी की शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक जांच में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बरती जाए।
इसके बाद डीसीपी ने थाने के शस्त्रागार में रखे हथियारों, विभिन्न मुकदमों में जब्त वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का निरीक्षण किया। उन्होंने हथियारों एवं जब्त संपत्ति की उचित देखरेख, अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में संचालित सेंट्रल मैस का भी निरीक्षण किया तथा पुलिसकर्मियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता जांची। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
आगामी सर्दी एवं धुंध के मौसम को देखते हुए डीसीपी अमरिंदर सिंह ने राइडर और फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। इन जैकेट से जहां पुलिसकर्मियों को ठंड से राहत मिलेगी, वहीं कोहरे और कम दृश्यता के दौरान सड़क पर उनकी पहचान स्पष्ट होने से सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाने के लिए डीसीपी ने विभिन्न पुलिस टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए 24 पुलिसकर्मियों को मौके पर ही प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।
इस संबंध में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि थानों, चौकियों और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों का नियमित निरीक्षण पुलिस व्यवस्था को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुने और उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में जवाबदेही के साथ-साथ अच्छे कार्यों को पहचानना और सराहना भी जरूरी है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से पूरी पुलिस फोर्स में कर्तव्यनिष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर सेक्टर-14 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबीर यादव, संबंधित चौकी इंचार्ज, जांच अधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पंचकूला और आसपास के न्यूज़ अपडेट पाने के लिए फॉलो करें पंचकूला सोशल मीडिया।
#panchkula #panchkulanews #panchkulasocialmedia