गोपालगंज में पुलिस थाने के अंदर भ्रष्टाचार का मामला उजागर
जादोपुर थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष समेत चार गिरफ्तार, अवैध हिरासत और पैसे लेकर छोड़ने के गंभीर आरोप
गोपालगंज। जादोपुर थाना में भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया आम नागरिकों को कथित तौर पर अवैध रूप से थाना परिसर में रखने, मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने तथा नाम हटाने के नाम पर अवैध वसूली किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज ने जांच की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को दी। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए और उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया गया। इसके बाद 18 अगस्त 2026 को जांच प्रतिवेदन सौंपा गया।
जांच में प्रथम दृष्टया जादोपुर थाना के तत्कालीन थानाध्यक्ष पु०अ०नि० अनिल राम, चौकीदार महंत यादव, थाना चालक राकेश कुमार और कथित दलाल राजू यादव की भूमिका सामने आने की बात कही गई है।
🔴 36 घंटे तक अवैध हिरासत का आरोप
जांच के अनुसार जितन राम, विजय राम, शंकर राम समेत कुछ लोगों तथा एक महिला और उसकी नाबालिग पुत्री को बिना प्राथमिकी अथवा सक्षम कानूनी अनुमति के करीब 36 घंटे तक थाना परिसर में रखने का आरोप सामने आया है।
💰 50 हजार रुपये मांगने का आरोप
जितन राम और अन्य ग्रामीणों को मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कथित दलाल के माध्यम से 50 हजार रुपये की अवैध राशि मांगने और वसूली किए जाने की बात जांच में प्रथम दृष्टया सामने आई।
💰 महिला और नाबालिग को छोड़ने के नाम पर 75 हजार
जांच में एक महिला और उसकी नाबालिग पुत्री को थाना से छोड़ने के नाम पर चौकीदार के माध्यम से 75 हजार रुपये लेने का आरोप भी सामने आया है।
💰 केस से नाम हटाने के नाम पर 55 हजार
इसके अलावा सतेन्द्र सिंह के पुत्र लव कुश का नाम मामले से हटाने या बचाने के नाम पर 55 हजार रुपये की कथित अवैध वसूली किए जाने की बात भी जांच में सामने आई है।
⚠️ सरकारी दायित्व के दुरुपयोग का भी आरोप
जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के बावजूद चौकीदारों से थाना लेखक सहित ऐसे कार्य कराए जा रहे थे, जो उनके निर्धारित दायित्व और अधिकार क्षेत्र से बाहर बताए गए हैं।
मामले में थाना प्रभारी समेत दो चौकीदार और एक कथित दलाल की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद मामले में अन्य तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
Rahui, Nalanda | Aug 20, 2026