#चंदनकियारी बाजार में बंगला जात्रा ‘बंगाली बाबूर बिलेती बौ’ का मंचन, रातभर जुटे रहे दर्शक
कोलकाता से पहुंचे कलाकारों ने नाटक के जरिए सामाजिक कुरीतियों पर किया प्रहार
चंदनकियारी। चंदनकियारी बाजार में सुबर्न बनिक समिति की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी कोजागरी लक्ष्मी पूजा के अवसर पर बंगला जात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान कोलकाता से पहुंचे कलाकारों ने ‘बंगाली बाबूर बिलेती बौ’ नामक बंगला जात्रा का मंचन किया। जात्रा देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक जुटे और रातभर जागकर कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लिया।
जात्रा नाटक में वर्तमान समाज और पारिवारिक जीवन से जुड़ी विभिन्न कहानियों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों, पारिवारिक समस्याओं और बदलते सामाजिक परिवेश को दर्शाते हुए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि समाज में व्याप्त बुराइयों को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे होने के कारण चंदनकियारी क्षेत्र में बंगला जात्रा के प्रति लोगों का विशेष आकर्षण है। यही वजह है कि इस आयोजन को देखने के लिए चंदनकियारी बाजार के अलावा दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरी रात चले इस कार्यक्रम में दर्शक कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद लेते रहे।
बंगला जात्रा का यह आयोजन क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखने के साथ-साथ लोगों को मनोरंजन और सामाजिक संदेश देने का माध्यम भी बना। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में समिति के नाडु गोपाल दत्त, निमाई चंद्र दे, हारु दे, अजीत कुमार धर ,आनंद दे, उत्तम दे,दुर्गा दे समेत अन्य मौजूद रहे ।