#चूरू_के_अस्पताल_का_मेडिकल_कचरा_बिसाऊ_में_खपाने_की_कोशिश!
डंपिंग यार्ड में रंगे हाथों पकड़ा ट्रैक्टर-ट्रॉली, पालिका ने किया जब्त
कई दिनों से चल रहा था मेडिकल बायोवेस्ट डालने का खेल,
पालिका कर्मचारियों की मिलीभगत के आरोपों से गरमाया मामला;
जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उठी मांग
बिसाऊ। (अशोक सोनी) शहर की आबोहवा और आमजन की सेहत से खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। चूरू के एक अस्पताल से मेडिकल बायोवेस्ट लाकर बिसाऊ के डंपिंग यार्ड में डाले जाने का खुलासा हुआ है। सोमवार दोपहर गांगियासर रोड स्थित नगर पालिका के डंपिंग यार्ड में मेडिकल कचरा डालते समय चूरू निवासी ट्रैक्टर चालक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। नगरपालिका की टीम ने मौके पर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली। इस घटना ने न केवल कचरा निस्तारण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि पालिका कर्मचारियों की कथित मिलीभगत को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, चूरू के एक अस्पताल से मेडिकल बायोवेस्ट भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली बिसाऊ पहुंची थी। चालक गांगियासर रोड स्थित डंपिंग यार्ड में मेडिकल कचरा डाल रहा था। इसी दौरान नगरपालिका की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि नगरपालिका के कचरा प्लांट में काफी दिनों से मेडिकल बायोवेस्ट डाले जाने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना मिलने के बाद अधिशासी अधिकारी ने सफाई निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित कर निगरानी शुरू करवाई थी। सोमवार को निगरानी के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ में आ गई।
जितना कचरा डाला, उतना ही भरना पड़ेगा जुर्माना!
अधिशासी अधिकारी सीताराम कुमावत ने बताया कि नगरपालिका ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली है। नियमानुसार चालान काटकर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। डंपिंग यार्ड में जितनी मात्रा में मेडिकल बायोवेस्ट डाला गया है, उसी के अनुसार जुर्माना निर्धारित होगा। साथ ही संबंधित व्यक्ति से ही डाला गया मेडिकल कचरा वापस उठवाया जाएगा।
कर्मचारियों की मिलीभगत है या निगरानी में बड़ी चूक?
मामले को लेकर अदनान तंवर ने सवाल उठाते हुए कहा कि चूरू से मेडिकल बायोवेस्ट लाकर बिसाऊ में डालना सरासर गलत है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यह भी पता लगाया जाना चाहिए कि आखिर इस पूरे मामले में कौन-कौन शामिल है और इतने दिनों तक मेडिकल कचरा डंपिंग यार्ड तक कैसे पहुंचता रहा।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब मेडिकल बायोवेस्ट डालने का सिलसिला कई दिनों से चल रहा था, तो इसकी भनक जिम्मेदारों को पहले क्यों नहीं लगी? क्या यह केवल ट्रैक्टर चालक की करतूत थी या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था? पालिका कर्मचारियों की कथित मिलीभगत के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है। महज ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जुर्माना लगाने से मामला खत्म नहीं होना चाहिए। यह पता लगाना भी जरूरी है कि मेडिकल कचरा किस अस्पताल से आया, किसके इशारे पर बिसाऊ पहुंचा और अब तक कितनी मात्रा में यहां डाला जा चुका है।
#बिसाऊ #शेखावाटीएक्सप्रेस #ShekhawatiExpress #चूरू #मेडिकलवेस्ट #बायोमेडिकलवेस्ट #मेडिकलकचरा #डंपिंगयार्ड #गांगीयासररोड #नगरपालिका_बिसाऊ #बिसाऊ_न्यूज #चूरू_न्यूज #स्वच्छता_व्यवस्था #जनस्वास्थ्य #पर्यावरण_सुरक्षा #पालिका_प्रशासन #प्रशासनिक_लापरवाही #मिलीभगत_की_जांच #ट्रैक्टर_ट्रॉली_जब्त #राजस्थान_न्यूज #झुंझुनूं_न्यूज #BreakingNews #RajasthanNews #LocalNews #shekhawatinews24 Shekhawati ExpressAshok Soni@followers