#बालाघाट
डाइट बालाघाट में तीन दिवसीय ईसीसीई प्रशिक्षण का समापन, 101 विद्यालयों के शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) बालाघाट में आयोजित तीन दिवसीय प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई) प्रशिक्षण का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। प्रशिक्षण का उद्देश्य पूर्व-प्राथमिक शिक्षा को अधिक रोचक, गतिविधि-आधारित एवं बाल-केंद्रित बनाते हुए शिक्षकों की दक्षता में वृद्धि करना था।
डाइट प्राचार्य श्री नरेश प्रसाद मलगाम के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण का संचालन ईसीसीई प्रभारी श्री शिव कुमार त्रिपाठी ने किया। प्रशिक्षण में जिले के 101 विद्यालयों की ईसीसीई कक्षाओं का संचालन करने वाले शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर श्री जीवनलाल मंसूरे, श्री दुर्गा प्रसाद राहंगडाले एवं श्री ओमप्रकाश लिल्हारे ने खेल-आधारित शिक्षण, गतिविधि-आधारित अधिगम, भाषा एवं संज्ञानात्मक विकास, कक्षा प्रबंधन तथा नवाचारी शिक्षण तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही शिक्षकों को शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के निर्माण एवं प्रभावी उपयोग का भी अभ्यास कराया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए डाइट प्राचार्य श्री नरेश प्रसाद मलगाम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा बच्चों के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई गतिविधि-आधारित एवं नवाचारी शिक्षण विधियों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया, ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण एवं आनंददायक शिक्षा मिल सके।
प्रशिक्षण प्रभारी श्री के.डी. तीतरमारे ने कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा बच्चों के भाषा, संज्ञानात्मक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास की मजबूत नींव तैयार करती है। वहीं जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र श्री घनश्याम बर्मन ने शिक्षकों से विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के प्रयास करने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त नवाचारों एवं टीएलएम का नियमित उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण ईसीसीई वातावरण तैयार करने का आग्रह किया।
समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए अपने-अपने विद्यालयों की ईसीसीई कक्षाओं में प्रशिक्षण से प्राप्त नवाचारों एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों को प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर शुभकामनाएँ दी गईं।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#schooledump
7 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 18, 2026