मुजफ्फरपुर में डीएम की सख्ती: जनहित के मामलों का तुरंत होगा समाधान, लंबित योजनाओं पर अधिकारियों को मिला अल्टीमेटम
मुजफ्फरपुर में जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकार की विकासात्मक एवं लोक-कल्याणकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि उपलब्धता, सीमांकन, एनओसी और अतिक्रमण जैसे लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, पंचायत सरकार भवन, हर घर नल का जल, सोलर स्ट्रीट लाइट, जल-जीवन-हरियाली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उद्यमी योजनाओं, लोक शिकायत और आरटीपीएस मामलों की भी समीक्षा हुई।
डीएम ने कहा कि जनता को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। लोक शिकायतों के सिर्फ निष्पादन से नहीं, बल्कि जनता की संतुष्टि से प्रशासन की सफलता तय होगी। आरटीपीएस में एक्सपायर्ड मामलों की संख्या शून्य रखने का भी निर्देश दिया गया।
#TirhutNow #Muzaffarpur #DMKumarGaurav #KumarGaurav #DistrictAdministration