10 जुलाई से होगा तीन दिवसीय मैंगों मेले का आगाज
हरियाणा के मुख्यमंत्री पिंजौर में मैंगों मेले का करेंगे शुभारंभ
मैंगों मेले में 250 से ज्यादा किस्मों के आमों का होगा प्रदर्शन
पंजाबी व हरियाणवी गीत होंगे मेले में मनोरंजन का आर्कषण
पंचकूला, 7 जुलाई- पर्यटन विभाग के प्रबंधक निदेशक श्री पार्थ गुप्ता की अध्यक्षता में पिंजौर स्थित यादविन्द्रा गार्डन में 10 से 12 जुलाई 2026 तक लगने वाले मैंगो मेले की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। उन्होने मेले के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी 10 जुलाई को पिंजौर में शुरू होने वाले तीन दिवसीय मैंगों मेले का शुभारंभ करेंगे। उन्होने सभी अधिकारियों से मैगों मेला के भव्य आयोजन में अपनी अपनी जिम्मेवारियों का गंभीरता व निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की। उन्होने बताया कि मेले में अलग अलग प्रकार की 250 प्रकार से भी ज्यादा के आमों की स्टॉल लगाई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न प्रकार कि प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इस दौरान करवाया जाएगा।
उन्होंने मेले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, वाहनों की पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाएं, मोबाइल टाॅयलेट्स, मेला परिसर में नियमित फाॅगिंग, पीने के पानी की व्यवस्था के लिए संबन्धित विभागों को उचित दिशा-निर्देश दिए।
नगर परिषद कालका के अधिकारियों को गार्डन में मेले से पहले पार्किंग और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था के साथ साथ मेला शुरू होने से एक दिन पहले फौगिंग सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही जनस्वास्थय अभियांत्रिकी विभाग को लोगों के लिए पेयजल की व्यवस्था पानी के टैंकर और पब्लिक व वीआईपी टोयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पिंजौर में मैंगो मेेले के दौरान लोगों की सुविधा के लिए स्पेशल बसों के संचालन के लिए हरियाणा रोडवेज को निर्देश दिए कि कालका, पंचकूला और चंडीगढ़ से स्पेशल बसों के रूट तय किए जाए। उन्हांेने पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था व सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होने स्वास्थ्य विभाग को एंबुलैंस व डाक्टरों की टीम नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होने बिजली विभाग को सुचारू रूप से पावर सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न गतिविधियां, प्रतियोगिताएं और संध्या के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पहले दिन की शुरुआत छात्रों के लिए रंगोली, ड्राइंग, पोस्टर मेकिंग और मैंगो क्विज जैसी प्रतियोगिताओं के साथ होगी। मेले के आकर्षण में और इजाफा होगा, जिसमें डे परफॉर्मर्स और सांस्कृतिक कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। विभिन्न कलाकारों द्वारा नगाड़ा पार्टी, जंगम पार्टी, बिगपाइपर ग्रुप, बीन पार्टी, इकतारा पार्टी, बहुरूपदर्शक नृत्य और गायन प्रदर्शन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने को मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि मेले के दूसरे दिन 11 जुलाई को गतिविधियों का नया दौर आयोजित किया जाएगा। छात्रों के लिए ग्रुप डांस, कहानी लेखन प्रतियोगिता, स्लोगन, नेल आर्ट, हैंड राइटिंग जैसी प्रतियोगिताएं होंगी।
उन्होंने बताया कि तीसरे दिन यानी 12 जुलाई को स्कूल की प्रतियोगिताएं जैसे ग्रुप गायन, ड्राइंग, बेस्ट आउट आॅफ वेस्ट प्रतियोगिता, महेंदी प्रतियोगिता और मैंगो ईटिंग प्रतियोगिताएं जारी रहेंगी। सायं के समय पंजाबी गायकांे के गायन से मेले में आए लोगों का मनोरंजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महलों, प्राचीरों और गढ़ों पर विशेष रोशनी से उद्यानों को रोशन किया जाएगा। इन विशेष लाइटों का उपयोग बिजली बचाने और चल रही ‘गो ग्रीन’ पहल में योगदान देने के लिए किया जाता है। भारतीय स्ट्रीट फूड के साथ-साथ पंजाब के स्वाद, दक्षिण की सूक्ष्म सुगंध और चाईनीज के प्राच्य स्वाद सहित मुंह में पानी लाने वाले व्यंजन परोसने के लिए एक बहु-व्यंजन फूड कोर्ट स्थापित किया जाएगा। इसी प्रकार शिल्प बाजार मेले का एक और अतिरिक्त आकर्षण का केन्द्र होगा। शिल्प बाजार में, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, राजस्थान आदि के शिल्पकारों/बुनकरों द्वारा हथकरघा और हस्तशिल्प का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मैंगो मेला आम व आम से बने उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने के लिए एक आदर्श मंच प्रदान करता है। आम की प्रमुख वाणिज्यिक किस्में जो मेले में प्रतिस्पर्धा करेंगी, उनमें दशहरी, चैसा, लंगड़ा, अमरपाली, बॉम्बे ग्रीन (मालदा), रतोल, मलिका, अंबिका, रामकेला आदि शामिल हैं। इस मेले में देश भर से आम उत्पादक भाग लेंगे और आम की विभिन्न किस्मों का प्रदर्शन करेगा।
इस अवसर पर एसडीएम कालका संयम गर्ग, पर्यटन विभाग की जीएम ममता शर्मा, नगराधीश जागृति, क्षेत्रीय वन अधिकारी विशाल कौशिक, जिला बागवानी अधिकारी अशोक कौशिक, एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता निधि भारद्ववाज, बीडीपीओ विनय प्रताप, नगर परिषद, हरियाणा रोडवेज सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।