कनाडा से लौटे व्यक्ति पर जानलेवा हमले की साजिश में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों 7 दिन के पुलिस रिमांड पर, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पंचकूला/ 07 जुलाई :- पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 ने सेक्टर-4 हरिपुर में हुए जानलेवा हमले के मामले की जांच में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पंजाब के जालंधर क्षेत्र से काबू किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से हथियारों के साथ पंचकूला पहुंचे थे और पीड़ित पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी करने के लिए पुलिस ने आरोपियों का 7 दिन का रिमांड हासिल किया है।
एसीपी अमन के अनुसार पंचकूला में 13 जून 2026 को पंचकूला निवासी व्यक्ति की शिकायत पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी सफेद रंग की गाड़ी में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और तलवार, लोहे की रॉड तथा हथियार से उस पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर, हाथ, पैर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किए, जबकि एक आरोपी ने मौके पर हवाई फायर भी किया। गंभीर रूप से घायल बलविंद्र सिंह को तुरंत नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी-500 वाहन की पहचान की तथा उसे बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले और बाद में कई संदिग्ध लगातार आपस में संपर्क में थे। इसी कड़ी में 6 जुलाई 2026 को क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 पंचकूला की टीम ने इन्चार्ज प्रवीण मलिक की अगुवाई में गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी वंशदीपक निवासी जिला कपूरथला तथा जौरव उर्फ जौरा निवासी जिला कपूरथला को गांव मदारा, जिला जालंधर से गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पूर्व में भी लड़ाई-झगड़े के मामलों में संलिप्त रह चुके हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस आरोपियों से पूरे षड्यंत्र, हमले के उद्देश्य और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की गहनता से जांच करेगी।
वारदात को अंजाम देने के पीछे का वास्तविक मकसद अभी जांच का विषय है और इसका खुलासा आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान की जा रही विस्तृत पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।